खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

सीएम साय का जापान दौरा: आध्यात्म, तकनीक और व्यापार का संगम, NTT से IT निवेश पर हुई चर्चा

Japan visit

टोक्यो, 22 अगस्त 2025: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जापान दौरे की शुरुआत आध्यात्मिक, तकनीकी और व्यापारिक कूटनीति के मिश्रण के साथ की। उनका यह दौरा ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ की भागीदारी से पहले हुआ है, जिसका उद्देश्य राज्य को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करना है।

असाकुसा मंदिर में पूजा:

टोक्यो पहुँचते ही मुख्यमंत्री श्री साय ने सबसे पहले ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की जनता की खुशहाली, समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर जिस प्रकार शांति और शक्ति का संदेश देता है, उसी प्रकार छत्तीसगढ़ भी एक शांतिपूर्ण और समृद्ध राज्य बने, यही उनकी आकांक्षा है।

एनटीटी लिमिटेड से मुलाकात:

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक आईटी कंपनी एनटीटी लिमिटेड की सीईओ सुश्री कायो इतो से मुलाकात की। इस बैठक में छत्तीसगढ़ में तकनीक आधारित निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। एनटीटी जैसी कंपनियों के सहयोग से राज्य के डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत बनाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर जोर दिया गया।

Japan visit 1

भारत के राजदूत के साथ रात्रिभोज:

शाम को, भारत के जापान में राजदूत श्री सिबी जॉर्ज द्वारा आयोजित रात्रिभोज में मुख्यमंत्री ने इंडो-पैसिफिक देशों को उद्योग और व्यापार के माध्यम से जोड़ने की आवश्यकता पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने जापान की उन्नत तकनीक और भारत के कुशल जनशक्ति के संयोजन से औद्योगिक सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर भी बात की। उन्होंने छत्तीसगढ़ को जापानी पर्यटकों के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।

जापान दौरे का पहला दिन छत्तीसगढ़ के लिए व्यापार, तकनीक और कूटनीति के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण अवसर लेकर आया।