पलारी, 26 अगस्त 2025 – छत्तीसगढ़ शैक्षिक संकुल समन्वयक शिक्षक उन्नयन कल्याण संघ ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि संकुल शैक्षिक समन्वयक (संकुल समन्वयक) पढ़ाते नहीं हैं। संघ के प्रांताध्यक्ष विक्रम राय ने इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी 5540 संकुल शैक्षिक समन्वयक अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं।
बयान को बताया गलत जानकारी पर आधारित
विक्रम राय ने कहा कि एक संकुल समन्वयक तीन पीरियड पढ़ाने के बाद पूरे संकुल का काम 24 घंटे करता है। उन्होंने बताया कि सुबह 6 बजे से लेकर रात 12 बजे तक विभागीय अधिकारियों के मैसेज आते रहते हैं, जिन्हें समय सीमा पर पूरा कराने की जिम्मेदारी संकुल समन्वयकों की होती है। उन्होंने मंत्री गजेंद्र यादव से पहले संकुल शैक्षिक समन्वयकों से बात करने और जमीनी हकीकत जानने के बाद ही बयान देने का निवेदन किया। राय ने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा मंत्री जी को गलत जानकारी दी गई है।
अतिरिक्त गैर-शिक्षकीय कार्यों का विरोध
संघ ने मंत्री के इस बात पर भी असंतोष व्यक्त किया कि उन्होंने गैर-शिक्षकीय कार्यों के बारे में कोई बयान नहीं दिया। राय ने बताया कि संकुल समन्वयक और शिक्षक साथी बीस तरह के गैर-शिक्षकीय कार्य करते हैं, जिसके आदेश अधिकारी ही निकालते हैं। उन्होंने कहा कि गैर-शिक्षकीय कार्यों की अधिकता के कारण शिक्षकों को पढ़ाने का समय कम मिलता है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से इन गैर-विभागीय कार्यों को बंद करने का आग्रह किया, ताकि शिक्षक पूरी तरह से शिक्षण पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
संघ ने यह भी कहा कि अगर इस संबंध में सही जानकारी मंत्री जी को नहीं दी जाती है, तो प्रदेश के सभी संकुल शैक्षिक समन्वयक अन्य शिक्षकों की भांति सिर्फ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ही काम करेंगे। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों से 60 से कम छात्रों वाले स्कूलों में 18 पीरियड पढ़ाने का डेमो देने की चुनौती भी दी, जहाँ केवल दो शिक्षकों को नियुक्त किया गया है।

संबंधित समाचार
पलारी के होनहार जिज्ञासु वर्मा का विक्रम राय गुरुजी ने किया सम्मान: 12वीं बोर्ड में पाया प्रथम स्थान
शिक्षक परिवार के साथ खड़ा संगठन: स्व. शिव प्रसाद चतुर्वेदी के परिजनों को मिली ₹50,000 की आर्थिक सहायता
रोहासी की महक चतुर्वेदी ने 10वीं बोर्ड में मारी बाजी: विक्रम राय ने गुरु से मिली ‘ऐतिहासिक कलम’ भेंट कर दिया आशीर्वाद