रायपुर, 06 अगस्त 2025: भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रदेश भर में चलाए गए ‘एक राखी सैनिक भाइयों के नाम’ अभियान के बारे में जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में यह अभियान देश की सीमा पर तैनात सैनिकों के सम्मान में चलाया गया था। इस अभियान के तहत, छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों से बुलबुल, गाइड और रेंजर बहनों द्वारा हाथ से बनाई गई राखियाँ सैनिकों के लिए भेजी गई हैं। इन राखियों को जल्द ही सैनिकों तक पहुँचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि छत्तीसगढ़ के बच्चे देश की रक्षा में जुटे जवानों को रक्षासूत्र भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान से बच्चों में देशभक्ति की भावना बढ़ेगी और जवानों को भी भावनात्मक संबल मिलेगा।
इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, श्री मुरली शर्मा, श्री कैलाश सोनी, श्री समीर शेख और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

संबंधित समाचार
रायपुर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: ‘समाज गौरव सम्मान 2026’ में गूंजा संस्कृति और सामाजिक समरसता का स्वर
छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: विक्रम राय गुरुजी ने की 2% DA की मांग, कहा- महंगाई में कर्मचारियों को मिले राहत
आकार-2026: रायपुर में 25 मई से शुरू होगा पारंपरिक शिल्प और कला प्रशिक्षण शिविर, ऐसे करें पंजीयन