खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

‘स्मृति पुस्तकालय योजना’: अनुपमा तिवारी ने दान की 432 पुस्तकें, ज्ञान के अभियान को मिला बढ़ावा

Smriti Pustakalaya Yojana

रायपुर, 12 अगस्त 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में शुरू की गई ‘स्मृति पुस्तकालय योजना’ के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती अनुपमा तिवारी ने 432 पुस्तकें दान में दी हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने इन पुस्तकों को ग्रहण किया और दानदाता को सम्मान पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की।

इन पुस्तकों में प्रसिद्ध लेखकों के उपन्यास, बाल साहित्य, योग और इंजीनियरिंग से संबंधित किताबें शामिल हैं। यह योजना 15 जुलाई से शुरू हुई है, जिसका उद्देश्य जनसहभागिता से ज्ञान का भंडार बढ़ाना है।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस अभियान में शामिल होकर पुस्तकें दान करें। पुस्तक दान करने के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री प्रभात सक्सेना या रोजगार अधिकारी श्री केदार पटेल से संपर्क किया जा सकता है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।