केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2025 के प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। छत्तीसगढ़ शासन ने राज्यभर के नागरिकों, संस्थाओं, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के 5 से 18 वर्ष की आयु वाले उन बच्चों को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए 31 जुलाई 2025 तक आवेदन कराएं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण प्रदर्शन किया है।
यह पुरस्कार बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला-संस्कृति और विज्ञान-प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में बच्चों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता देता है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने जानकारी दी है कि नामांकन केवल https://awards.gov.in/ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया और पात्रता:
पुरस्कार के लिए पात्र बच्चों की आयु सीमा 5 से 18 वर्ष तय की गई है। कोई भी व्यक्ति, संस्था, अभिभावक या शिक्षक ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को नामांकित कर सकता है। इच्छुक बच्चे स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं।
नामांकन के लिए पंजीकरण के दौरान आवेदकों को अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल और आधार संख्या सहित अन्य जानकारी देनी होगी। इसके बाद, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 श्रेणी का चयन कर आवेदन भरना होगा। आवेदन पत्र में उपलब्धियों का 500 शब्दों का संक्षिप्त विवरण, आवश्यक दस्तावेज (पीडीएफ प्रारूप में, अधिकतम 10 फाइलें) और हालिया फोटो (जेपीजी/पीएनजी) अपलोड करना अनिवार्य है। आवेदन को ड्राफ्ट के रूप में सेव किया जा सकता है और अंतिम तिथि से पहले संपादित कर जमा किया जा सकता है।
सरकार का उद्देश्य इन पुरस्कारों के माध्यम से देशभर के युवाओं की प्रेरणादायक उपलब्धियों को पहचान देना और बच्चों के समग्र विकास के लिए एक सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। अधिक जानकारी और आवेदन के लिए https://awards.gov.in/ पर विजिट किया जा सकता है।

संबंधित समाचार
रायपुर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: ‘समाज गौरव सम्मान 2026’ में गूंजा संस्कृति और सामाजिक समरसता का स्वर
छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: विक्रम राय गुरुजी ने की 2% DA की मांग, कहा- महंगाई में कर्मचारियों को मिले राहत
आकार-2026: रायपुर में 25 मई से शुरू होगा पारंपरिक शिल्प और कला प्रशिक्षण शिविर, ऐसे करें पंजीयन