नई दिल्ली/रायपुर/आरंग, 07 अगस्त 2025: छत्तीसगढ़ के लिए यह एक गर्व का क्षण था, जब सतनामी समाज के गुरु और आरंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक गुरु खुशवंत साहेब को राष्ट्रीय स्तर पर “संस्कृत भूषण सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और रामायण परंपरा के प्रचार-प्रसार के लिए उनके समर्पित प्रयासों के लिए दिया गया है।

रामायण रिसर्च काउंसिल द्वारा नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। गुरु खुशवंत साहेब, जो छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा रखते हैं और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी हैं, ने इस सम्मान को उन सभी लोगों को समर्पित किया जो भारतीय परंपराओं के संवर्धन में काम कर रहे हैं।
संस्कृत भाषा में ली थी शपथ:
यह सम्मान गुरु खुशवंत साहेब के संस्कृत के प्रति गहरे समर्पण को दर्शाता है। विधायक बनने के बाद उन्होंने विधानसभा सदस्य के रूप में अपनी शपथ भी संस्कृत भाषा में ही ली थी। उन्होंने कहा कि संस्कृत हमारी सभ्यता की आत्मा है और वे इसके संरक्षण के लिए जीवन भर काम करते रहेंगे।
गुरु खुशवंत साहेब वर्तमान में मेकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर रहे हैं और समाज, शिक्षा तथा संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे गुरु घासीदास बाबा जी के “मानव मानव एक समान” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का भी कार्य कर रहे हैं।
इस सम्मान से आरंग विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। प्रदेशभर के सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों और शिक्षाविदों ने इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा के रूप में देखा है। इसकी जानकारी उनके PRO देवेंद्र निराला ने दी है।

संबंधित समाचार
अमसेना स्कूल का दबदबा: शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ चमके छात्र, संगीता और उषा ने किया टॉप
प्राथमिक शाला घोंट में सांस्कृतिक पुरस्कार वितरण: नोडल प्राचार्य स्वाति सक्सेना ने मेधावियों को सराहा
77वें गणतंत्र दिवस पर अमसेना स्कूल में बिखरी लोक संस्कृति की छटा: प्रतिभावान छात्रों का हुआ सम्मान