खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

बुनकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने CM साय से की भेंट, राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर करघा किया भेंट

National Handloom Day scaled e1754561290451

रायपुर, 07 अगस्त 2025: राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ बुनकर समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बुनकरों द्वारा निर्मित करघा की एक प्रतिकृति भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि हथकरघा कला हमारी समृद्ध विरासत है, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाती है। उन्होंने बुनकर समाज की सराहना करते हुए कहा कि उनके श्रम, कौशल और रचनात्मकता से राज्य का गौरव बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बुनकरों की समृद्धि, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कच्चा माल उपलब्ध कराने, लागत कम करने और बेहतर विपणन सुविधाएं प्रदान करने जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बुनकरों की आत्मनिर्भरता ही उनकी कला को नई ऊंचाइयां दे सकती है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” के मंत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय हमारे पारंपरिक उत्पादों और हुनर को बढ़ावा देने का है। उन्होंने बुनकरों को आश्वासन दिया कि सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर बुनकर समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री महेश देवांगन, श्री पुरुषोत्तम देवांगन, श्री धनेश देवांगन, श्री गजेंद्र देवांगन सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।