रायपुर, 24 सितंबर 2025 – राजधानी रायपुर के एक सुपरमार्ट में मंगलवार को उस समय सुखद आश्चर्य का माहौल बन गया, जब रोजमर्रा के सामान की खरीदारी कर रहे लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को अपने बीच पाया। मुख्यमंत्री एक आम नागरिक की तरह शॉपिंग करते हुए नजर आए, जिसका उद्देश्य हाल ही में लागू की गई जीएसटी दरों में कटौती के लाभों को जमीनी स्तर पर समझना था।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सरोना स्थित “शुभम के मार्ट” में “जीएसटी बचत उत्सव” को लेकर लोगों की भावनाओं को जानने के लिए खुद ग्राहक बनकर खरीदारी की। उन्होंने ₹1,645 के घरेलू सामान खरीदे और यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान उन्होंने अन्य ग्राहकों से खुलकर बातचीत की और जीएसटी दरों में कमी से उनके मासिक बजट पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में जानकारी ली।

“यह केवल कागज पर नहीं, हर परिवार की ज़िंदगी में है परिवर्तन”
खरीदारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, “यही तो असली मकसद है कि सुधार की गूंज आम जनता तक पहुँचे।” उन्होंने खुद सामान खरीदने के बाद कहा, “यह सुधार केवल कागज पर नहीं, बल्कि हर परिवार की ज़िंदगी में दिखाई देने वाला परिवर्तन है।” उन्होंने लोगों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का भी आग्रह किया।

जीएसटी कटौती नहीं, यह “बचत क्रांति” है
लोगों ने मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान बताया कि जीएसटी कटौती से उन्हें बड़ी राहत मिली है। सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी श्री टी. पी. सिंह ने इसे “बचत क्रांति” बताते हुए कहा कि पहले जितने पैसों में 30 दिन का राशन आता था, अब उसी कीमत पर 40 दिन से अधिक का राशन मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के इस निर्णय को एक साहसिक कदम बताया।

इसी तरह, श्री लद्दाराम नैनवानी ने मुख्यमंत्री को एक नोटबुक दिखाते हुए कहा कि पहले इस पर 12 प्रतिशत टैक्स लगता था, जो अब शून्य हो गया है। इससे बच्चों की स्टेशनरी सस्ती हो गई है और उनके सालाना खर्च में ₹240 की बचत हो रही है। एक अन्य ग्राहक श्री मुरलीधर ने बताया कि वह चार जरूरी सामान खरीदने आए थे, लेकिन जीएसटी दरों में कमी देखकर उन्होंने चार गुना ज्यादा सामान खरीद लिया।

चंगोराभाटा निवासी श्री जितेंद्र और श्रीमती पद्मा देवांगन ने बताया कि जीएसटी सुधारों के बाद उनके मासिक बजट में 10 प्रतिशत तक की कमी आई है, जिससे उन्हें काफी राहत मिली है। श्रीमती सविता मौर्य और श्रीमती अनीता साकार ने कहा कि त्योहारी सीजन में श्रृंगार सामग्री सस्ती होने से वे अपने बजट से ज्यादा खरीदारी कर पा रही हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी दरों में हुए इन ऐतिहासिक सुधारों से बाजारों में रौनक बढ़ी है और रोजमर्रा के सामानों की कीमत कम होने से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।

संबंधित समाचार
शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने किया नवपदस्थ DEO एस. सतीश नायर का स्वागत; व्यायाम शिक्षकों की समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा
राजभवन में गूँजा “रक्तदान महादान” का संदेश: विश्व रक्तदाता दिवस पर महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने किया रक्तदाताओं का सम्मान
इंडोर स्टेडियम रायपुर में मछुआरा समाज का महाकुंभ: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में 90 विधानसभा अध्यक्षों ने ली शपथ