खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

गिरौदपुरी धाम को मिली 2 करोड़ की सौगात, गुरु खुशवंत साहेब की पहल पर मुख्यमंत्री साय ने दी स्वीकृति

Guru Khushwant Saheb

गिरौदपुरी धाम/बलौदाबाजार/रायपुर, 11 अगस्त 2025: प्रदेश के आस्था के केंद्र गिरौदपुरी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 2 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति दी है। यह फैसला आरंग के विधायक और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त गुरु खुशवंत साहेब की विशेष मांग पर लिया गया है।

श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

हर साल फाल्गुन मास में यहाँ आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गुरु दर्शन मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। भीड़ की अधिकता के कारण यहाँ स्वच्छता और सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी। इस समस्या को देखते हुए गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था, जिस पर तुरंत स्वीकृति मिल गई।

क्या होंगे कार्य?

स्वीकृत राशि से 100 नए शौचालयों का निर्माण, आधुनिक स्नानागार, जोंक नदी के तट पर घाट निर्माण और अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।

गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय को श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि इससे मेले के दौरान स्वच्छता और सुविधा का स्तर बढ़ेगा, और गिरौदपुरी धाम धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में और भी मजबूत होगा।