खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

‘प्रोजेक्ट विजयी भव’: रक्षाबंधन पर भाई से हेलमेट उपहार में मांगें – कलेक्टर

Project Vijayee Bhav 4 scaled

रायपुर, 06 अगस्त 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप, रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट विजयी भव’ की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। पीएम श्री पंडित आर. डी. तिवारी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यह बात कही।

Project Vijayee Bhav 1

कलेक्टर डॉ. सिंह ने छात्राओं से आगामी रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने भाईयों से अच्छी गुणवत्ता का हेलमेट उपहार में मांगने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाएगी और दुर्घटनाओं से बचाएगी।

नशे और साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता

डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया और कहा कि यह समाज को पथभ्रष्ट करता है। उन्होंने छात्रों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने माता-पिता को भी हेलमेट और सीटबेल्ट का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने को कहा।

Project Vijayee Bhav 2

कलेक्टर ने डिजिटल जागरूकता पर भी जोर देते हुए कहा कि पढ़े-लिखे लोग भी साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने और अपने पालकों को भी डिजिटल उपकरणों का सही उपयोग सिखाने का सुझाव दिया।

Project Vijayee Bhav 3

इस अवसर पर कलेक्टर ने ‘प्रोजेक्ट विजयी भव’ के नोडल अधिकारी श्री चुन्नीलाल शर्मा की उनके सेवानिवृत्ति के बाद भी समर्पण भाव से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन और श्री चुन्नीलाल शर्मा भी उपस्थित थे।