खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस का शुभारंभ: CM साय और डॉ. रमन सिंह ने दिखाई हरी झंडी

Raipur Jabalpur Express 1 scaled

रायपुर, 03 अगस्त 2025: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की विशेष पहल के तहत आज छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच नई रेल सेवा का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सेवा के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Raipur Jabalpur Express 2

गुजरात के भावनगर में आयोजित मुख्य समारोह से केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली उपस्थित रहे। इस दौरान रीवा-पुणे और भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस का भी शुभारंभ हुआ।

रेल सेवाओं का बढ़ा दायरा:

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नई रेल परियोजनाओं की सौगातें मिली हैं। पिछले एक दशक में छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 21 गुना बढ़कर इस साल 6,900 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाएं संचालित हैं। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत 32 स्टेशनों का 680 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना जैसी बस्तर क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भी प्रधानमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया।

पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा:

डॉ. रमन सिंह ने इस नई रेल सेवा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी। यह ट्रेन रायपुर से जबलपुर तक की 410 किलोमीटर की दूरी को लगभग 8 घंटे में तय करेगी। इससे डोंगरगढ़ (मां बमलेश्वरी मंदिर), गोंदिया, बालाघाट और जबलपुर जैसे पर्यटन एवं व्यापारिक केंद्रों तक पहुंच आसान हो जाएगी।

ट्रेन का विवरण:

  • नियमित सेवा: गाड़ी संख्या 11701 रायपुर से दोपहर 2:45 बजे चलकर रात 10:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
  • वापसी सेवा: गाड़ी संख्या 11702 जबलपुर से सुबह 6:00 बजे चलकर दोपहर 1:50 बजे रायपुर पहुंचेगी।
  • कोच: ट्रेन में एक एसी चेयर कार, चार चेयर कार और आठ सामान्य कोच सहित कुल 15 कोच होंगे।

इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश और डीआरएम रायपुर श्री दयानंद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।