खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

रियल लाइफ पब्लिक स्कूल खरोरा ने सावन उत्सव मनाकर कायम की मिसाल

real life public school kharora sawan utsav

खरोरा न्यूज़: खरोरा नगर का रियल लाइफ पब्लिक स्कूल कई मायनों में अन्य विद्यालयों से अलग पहचान बना रहा है। यहां के शिक्षक और छात्र-छात्राएं नित्य नए प्रयोगों और नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा को रुचिकर और प्रभावी बनाने का प्रयास करते हैं। इसी कड़ी में, शुक्रवार को विद्यालय की छात्राओं ने स्कूलों के इतिहास में पहली बार ‘सावन उत्सव‘ का आयोजन कर एक नई मिसाल पेश की। यह कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और उमंग के वातावरण में मनाया गया।

विद्यालय में नामांकित छात्राओं ने हरे रंग के परिधानों में आकर अद्भुत छटा बिखेरी, जो प्रकृति की हरियाली का प्रतीक थी। इस अवसर पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने ‘हरी भरी धरती के महत्व‘ पर अपने विचार साझा किए। साथ ही, सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस उत्सव में नर्सरी से लेकर आठवीं तक की छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

विद्यालय के संस्थापक और प्रधानाध्यापक राघवेंद्र गोस्वामी ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्र-छात्राओं का विद्यालय के साथ जुड़ाव और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को विद्यालय में बहुत सहज महसूस कराते हैं। गोस्वामी ने बताया कि रियल लाइफ पब्लिक स्कूल खरोरा ने अपने सुदृढ़ शैक्षिक वातावरण, नवाचारी शिक्षा पद्धति, अनुशासन, उच्चतम स्तर की स्वच्छता, समयबद्धता और छात्रोपस्थिति के लिए नगर में एक अलग पहचान बनाई है। पिछले कई वर्षों से यहां की छात्रोपस्थिति प्रत्येक शैक्षिक दिवस पर न्यूनतम 75 प्रतिशत या इससे अधिक रही है, जो विद्यालय के प्रति छात्रों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कार्यक्रम में शिक्षिकाएं शिवानी दीवान, ममता भारद्वाज, रोशनी सारथी, फातिमा खान, जैनब भारद्वाज, जागृति वर्मा, निशा बंजारे उपस्थित रहीं और उनका मार्गदर्शन मिला। इस अवसर पर मिथलेश देवांगन, भूमिका गिलहरे, प्रियंका गिलहरे, आज्ञा शर्मा, देवेश नेताम, पुलकित साहू, आराध्या साहू, योगराज पाल, भूमिका देवांगन, नव्या साहू, यश कुमार साहू, अंश टंडन, रुचिका देवांगन, मनीष भंडारी, हर्षिता वर्मा, नव्या पांडे सहित 40 छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे यह उत्सव और भी यादगार बन गया।