रायपुर, 17 अगस्त 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर रायपुर जिले में ‘डिजिटल क्रॉप सर्वे’ की शुरुआत हो गई है। 15 अगस्त से शुरू हुआ यह सर्वे 30 सितंबर तक चलेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों की वास्तविक फसल स्थिति का आकलन कर उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना है।

अधिकारी कर रहे निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर अपर कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन ने मोहंदी में, अपर कलेक्टर राठौर ने मेहरसखा में और श्री नवीन ठाकुर ने मंगसा में सर्वे का निरीक्षण किया। इसके अलावा, एसडीएम नंदकिशोर चौबे ने नकटी, रवि सिंह ने छाटा, आशुतोष देवांगन ने अडसेना और अभिलाष पैकरा ने छतौना में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कैसे होगा सर्वे?
यह सर्वे फील्ड स्तर पर सर्वेयर द्वारा ‘एग्रीटेक ऐप’ के माध्यम से किया जा रहा है। सर्वेयर स्वयं खेत में जाकर फसल की स्थिति और विवरण ऐप में दर्ज करेंगे और फोटो अपलोड करेंगे। इस डेटा का सत्यापन बाद में पटवारी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
किसानों को मिलेंगे कई लाभ
यह सर्वे किसानों के लिए कई मायनों में फायदेमंद साबित होगा। इससे फसल बीमा योजना और क्षति का आकलन अधिक पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से हो सकेगा। इसके अलावा, पात्र किसानों को कृषि योजनाओं का लाभ शीघ्रता से मिलेगा और फसल उत्पादन का अत्याधुनिक डेटा भी तैयार होगा, जिससे भविष्य की कृषि नीतियां प्रभावी बन सकेंगी। यह पहल किसानों की आय बढ़ाने और खेती को नई तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

संबंधित समाचार
रायपुर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: ‘समाज गौरव सम्मान 2026’ में गूंजा संस्कृति और सामाजिक समरसता का स्वर
छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: विक्रम राय गुरुजी ने की 2% DA की मांग, कहा- महंगाई में कर्मचारियों को मिले राहत
आकार-2026: रायपुर में 25 मई से शुरू होगा पारंपरिक शिल्प और कला प्रशिक्षण शिविर, ऐसे करें पंजीयन