खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

मुख्यमंत्री साय ने PM मोदी से की मुलाकात, ‘अमृत रजत महोत्सव’ का न्यौता देकर छत्तीसगढ़ के विकास पर दी जानकारी

cm vishnu deo sai pm modi bhent e1754065525667

नई दिल्ली, 01 अगस्त 2025: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को 1 नवंबर 2025 को राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘अमृत रजत महोत्सव’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए हार्दिक आमंत्रित किया। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की भावी योजनाओं, विकास की प्राथमिकताओं और जनकल्याण से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी भी दी।

cm vishnu deo sai pm modi bhent amrit rajat mahotsav

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ का यह आयोजन राज्य के लिए ऐतिहासिक होगा और प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से इसकी महत्ता और भी बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ तेज़ी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

राज्य की विकास योजनाओं पर दी जानकारी:

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि राज्य सरकार ने “विकसित भारत @2047” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए “अंजोर विज़न @2047” दस्तावेज़ तैयार किया है। यह दस्तावेज़ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, नवाचार और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में सुधार के साथ-साथ राज्य के समावेशी और सतत विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करता है।

कानून और शहरी विकास में सुधार:

श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने केंद्र सरकार के “जन विश्वास अधिनियम 2023” से प्रेरित होकर राज्य में “जन विश्वास विधेयक 2025” पारित किया है, जिससे न्याय प्रणाली में पारदर्शिता और नागरिकों की पहुंच बढ़ी है। इसके अतिरिक्त, राजधानी नवा रायपुर के सुनियोजित विकास के लिए गठित छत्तीसगढ़ राज्य राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SCRDA) के कार्यों की भी जानकारी दी।

औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन:

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन के क्षेत्र में हो रही उल्लेखनीय प्रगति से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति 2024-30 के परिणाम स्वरूप नवंबर 2024 से जुलाई 2025 के बीच 84 कंपनियों से कुल 6.65 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने नवा रायपुर में देश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट और एआई डेटा सेंटर के निर्माण कार्यों का भी जिक्र किया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान:

श्री साय ने बताया कि राज्य में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शालाओं और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण का कार्य किया जा रहा है। साथ ही, मेडिसिटी और एडु सिटी जैसी महत्त्वाकांक्षी परियोजनाएं भी तेज़ी से विकसित की जा रही हैं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और विश्वास बहाली की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण कर सामान्य जीवन की ओर लौटे हैं। इन क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का तीव्र विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है, जिससे राज्य एक समृद्ध और विकसित प्रदेश के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।