रायपुर, 2 अक्टूबर 2025 – परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की कर्मस्थली भंडारपुरी धाम में 3 अक्टूबर को गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह पावन धाम आस्था, विश्वास और भक्ति के अद्वितीय संगम से सराबोर होगा, जहां मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 162.28 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्र के विकास की ऐतिहासिक नींव रखेंगे।
यह वार्षिक मेला गुरु घासीदास बाबा जी के पुत्र गुरु बालकदास साहेब जी के गद्दीनशीन होने की स्मृति में हर साल आयोजित होता है और सतनामी पंथ की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

मुख्यमंत्री करेंगे ऐतिहासिक विकास कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी इस अवसर पर भंडारपुरी धाम में 162.28 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इस विशाल राशि के निवेश से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना का विकास होगा, जो इस तीर्थस्थल को और अधिक भव्यता प्रदान करेगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्री रामविचार नेताम, श्री ओ.पी. चौधरी, श्री टंकराम वर्मा, श्री दयालदास बघेल, और रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेतागण और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
राजागुरु गुरु बालदास साहेब जी करेंगे मानव समाज का मार्गदर्शन
सतनामी समाज के आदेशक निर्देशक एवं धर्मरक्षक राजागुरु, धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी धर्ममंच से मानव समाज का मार्गदर्शन करेंगे। उनके सानिध्य और मार्गदर्शन से समस्त मानव समाज को आशीर्वाद प्राप्त होगा, जो उनके जीवन और समाज में अभूतपूर्व परिवर्तन लाएगा।
गुरु परिवार के सदस्य, जिनमें बाबा गुरु ढालदास साहेब जी, गुरु मकसूदन साहेब जी, गुरु सोमेश बाबा जी, गुरु खुशवंत साहेब जी और गुरु सौरभ साहेब जी शामिल हैं, मोतीमहल से घोड़ा बग्गी में सवार होकर एक विशाल रैली के साथ मानव समाज का अभिवादन स्वीकार करते हुए धर्ममंच पर पहुंचेंगे।
आस्था और भक्ति का भव्य संगम
कार्यक्रम के दौरान गुरु परिवार के सदस्यों द्वारा गुरु गद्दी की पूजा अर्चना की जाएगी और समस्त मानव समाज के कल्याण एवं सुख समृद्धि की कामना करते हुए सेतखाम में पालो चढ़ाया जाएगा। पूरा भंडारपुरी धाम पंथी के धुन, अखाड़ा के पराक्रम, सतनाम मंगल भजन और सांस्कृतिक संध्या के साथ विभिन्न आयोजनों से भव्य और दिव्य वातावरण से आलौकित होगा।
समिति ने देश भर के संत समाज और मानव समाज से इस स्वर्णिम क्षण का साक्षी बनने और पुण्यलाभ प्राप्त करने के लिए सादर आमंत्रण दिया है।

संबंधित समाचार
रायपुर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: ‘समाज गौरव सम्मान 2026’ में गूंजा संस्कृति और सामाजिक समरसता का स्वर
छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: विक्रम राय गुरुजी ने की 2% DA की मांग, कहा- महंगाई में कर्मचारियों को मिले राहत
आकार-2026: रायपुर में 25 मई से शुरू होगा पारंपरिक शिल्प और कला प्रशिक्षण शिविर, ऐसे करें पंजीयन