खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: विक्रम राय गुरुजी ने की 2% DA की मांग, कहा- महंगाई में कर्मचारियों को मिले राहत

IMG 20250826 WA0002

रायपुर/बलौदाबाजार, 26 मई 2026 – छत्तीसगढ़ संकुल शैक्षिक समन्वयक संघ के प्रांताध्यक्ष एवं कर्मचारी नेता विक्रम राय गुरुजी ने प्रदेश सरकार की आज होने वाली महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक को लेकर अपनी मांग रखी है। उन्होंने मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों से अपील की है कि प्रदेश के समस्त शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र के समान 2% महंगाई भत्ता (DA) देय तिथि से देने की तत्काल घोषणा की जाए।


बढ़ती महंगाई में घर चलाना हुआ मुश्किल


कर्मचारियों की आर्थिक समस्याओं को रेखांकित करते हुए विक्रम राय गुरुजी ने कहा:

“वर्तमान में महंगाई प्रतिदिन तेजी से बढ़ रही है, जिससे हमारे कर्मचारी-अधिकारी भाई-बहनों को घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। पिछले महज 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में लगभग ₹8 तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। ईंधन के दाम बढ़ने से बाजार में सभी आवश्यक वस्तुओं और दैनिक उपभोग के सामानों के रेट लगातार बढ़ रहे हैं।”


अन्य भाजपा शासित राज्यों का दिया हवाला


विक्रम राय गुरुजी ने अपनी मांग के समर्थन में तर्क देते हुए कहा कि देश के कई अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पहले ही अपने-अपने राज्यों में महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा कर कर्मचारी वर्ग को बड़ी राहत प्रदान कर दी है। अतः छत्तीसगढ़ सरकार को भी बिना किसी प्रशासनिक विलंब के आज ही इस पर मुहर लगानी चाहिए।


“कर्मचारी ही शासन की रीढ़”


उन्होंने सरकार को याद दिलाते हुए कहा कि शिक्षक और शासकीय कर्मचारी ही शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने का काम करते हैं। ऐसे में उनके हितों की रक्षा और सम्मान करना सरकार का पहला कर्तव्य होना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि आज ही कैबिनेट में इसकी औपचारिक घोषणा की जाए और देय तिथि से एरियर सहित भुगतान का आदेश जारी हो।