रायपुर, 5 सितंबर 2025 – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में ट्रिपल आई टी के निदेशक प्रोफेसर ओमप्रकाश व्यास से मुलाकात की और गोंडी भाषा अनुवादक मोबाइल ऐप ‘आदि वाणी’ की सफल परियोजना के लिए उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
श्री साय ने कहा कि इस ऐप के माध्यम से गोंडी बोलने वाले 30 लाख से अधिक आदिवासी भाई-बहनों की आवाज अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचेगी। यह तकनीक उन्हें शिक्षा और शासन-प्रशासन की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ट्रिपल आई टी भविष्य में भी ऐसे ही समाजोन्मुखी नवाचारों से प्रदेश का गौरव बढ़ाएगा।
प्रोफेसर व्यास ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह परियोजना भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा प्रायोजित है, जिसमें ट्रिपल आई टी के साथ-साथ आईआईटी दिल्ली, आईआईटी हैदराबाद और बिट्स पिलानी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस ऐप से गोंडी भाषा का हिंदी और अंग्रेजी में अनुवाद संभव होगा, जिससे गोंडी भाषी समुदाय को अपनी भाषा और संस्कृति की पहचान सुरक्षित रखने के साथ-साथ डिजिटल युग में अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।

संबंधित समाचार
रायपुर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: ‘समाज गौरव सम्मान 2026’ में गूंजा संस्कृति और सामाजिक समरसता का स्वर
छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: विक्रम राय गुरुजी ने की 2% DA की मांग, कहा- महंगाई में कर्मचारियों को मिले राहत
आकार-2026: रायपुर में 25 मई से शुरू होगा पारंपरिक शिल्प और कला प्रशिक्षण शिविर, ऐसे करें पंजीयन