रायपुर, 20 अगस्त 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आज मंत्रालय (महानदी भवन) में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग और फाउंडेशन के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
स्वास्थ्य और शिक्षा में मिलेगी मदद:
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा अंबिकापुर में 200-300 बिस्तर का सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और धरमजयगढ़ में 100 बिस्तर का सर्वसुविधायुक्त अस्पताल बनाने की योजना है। इन अस्पतालों में 80% मरीजों का इलाज पूरी तरह से मुफ्त होगा। इसके अलावा, फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के 20 हजार बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए सालाना 30 हजार रुपये की स्कॉलरशिप भी देगा।
क्रेच (शिशुगृह) की संख्या बढ़ेगी:
फाउंडेशन ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 400 क्रेच (शिशुगृह) संचालित हैं, जिन्हें बढ़ाकर 2500 से 3000 तक करने की योजना है। इन क्रेच में बच्चों को पोषण के साथ सुरक्षित परिवेश भी मिलेगा।
आजीविका विकास में भी योगदान:
फाउंडेशन धरमजयगढ़ के 42 गाँवों में बागवानी, कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में भी काम कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र की सहभागिता से सरकार के कार्यों को बल मिलेगा।
इस बैठक में मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अधिकारी उपस्थित थे।

संबंधित समाचार
रायपुर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: ‘समाज गौरव सम्मान 2026’ में गूंजा संस्कृति और सामाजिक समरसता का स्वर
छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: विक्रम राय गुरुजी ने की 2% DA की मांग, कहा- महंगाई में कर्मचारियों को मिले राहत
आकार-2026: रायपुर में 25 मई से शुरू होगा पारंपरिक शिल्प और कला प्रशिक्षण शिविर, ऐसे करें पंजीयन