खरोरा न्यूज़

विश्वसनीय समाचार, हर पल

रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह: मुख्यमंत्री साय ने फहराया तिरंगा, परेड की सलामी ली

Independence Day

रायपुर, 15 अगस्त 2025: राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेश की जनता के नाम अपने संदेश का वाचन भी किया।

17 प्लाटूनों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट:

भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री ईशु अग्रवाल के नेतृत्व में 17 प्लाटूनों ने भव्य मार्च पास्ट कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस बार उड़ीसा पुलिस की टुकड़ी विशेष रूप से आमंत्रित थी। परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, छत्तीसगढ़ पुलिस, एनसीसी और महिला बैगपाइपर बैंड सहित कई अन्य बल शामिल रहे।

उत्कृष्ट दलों को मिला सम्मान:

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले परेड दलों को सम्मानित किया।

  • केंद्रीय बल: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पहला, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने दूसरा और ओडिशा पुलिस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
  • राज्य बल: छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष) को पहला, छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल (महिला) को दूसरा और नगर सेना के महिला दल को तीसरा स्थान मिला।
  • एनसीसी: एनसीसी जूनियर वर्ग में बालक दल ने पहला और बालिका दल ने दूसरा पुरस्कार जीता।

हॉर्स शो और महिला बैगपाइपर बैंड का शानदार प्रदर्शन:

समारोह में घुड़सवार दल का हॉर्स शो भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें रोमांचक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही, आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने मोहक धुनें बजाकर सबका मन मोह लिया। इस बैंड ने 2024 में नागालैंड में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया था।