रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र 2025 के पहले दिन, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने अपने क्षेत्र से जुड़े तीन महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाया। उन्होंने मिलावटी शराब की बिक्री, नकटी ग्राम में भूमि पर बेजाकब्जा और मोहरेंगा नेचर सफारी से संबंधित प्रश्न सरकार के समक्ष रखे।
मिलावटी शराब पर सरकार ने की कार्रवाई:
विधायक शर्मा ने आबकारी मंत्री से धरसींवा के लालपुर गांव में एक शराब दुकान पर जून माह में होलोग्राम रहित और मिलावटी शराब की बिक्री की शिकायत को लेकर सवाल किया। आबकारी मंत्री ने स्वीकार किया कि शिकायत प्राप्त हुई थी और 13 जून को राज्य स्तरीय उड़नदस्ते ने लालपुर दुकान पर वित्तीय अनियमितताएं, जिसमें मिलावटी और बिना होलोग्राम वाली शराब की बिक्री भी शामिल थी, पाईं। इस अनियमितता के परिणामस्वरूप प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है और विभागीय अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
नकटी ग्राम में सरकारी भूमि का मामला:
अनुज शर्मा ने राजस्व मंत्री से नकटी ग्राम (सम्मानपुर) में शासकीय भूमि पर अतिक्रमणकारियों को जारी किए गए नोटिस के संबंध में भी प्रश्न किया। मंत्री ने जवाब दिया कि उक्त भूमि के लिए किसी योजना हेतु कोई आरक्षण या अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने छठी विधानसभा के जनप्रतिनिधियों के लिए इस भूमि का अनुरोध किया है।
मोहरेंगा नेचर सफारी की स्थिति:
अंत में, विधायक शर्मा ने मोहरेंगा नेचर सफारी के कर्मचारियों की संख्या, पेड़ों और वन्यजीवों के प्रकार तथा मात्रा, और अवैध कटाई या परिवहन की शिकायतों के बारे में जानकारी मांगी। मंत्री ने बताया कि सफारी में एक नियमित वनपाल, एक नियमित वन रक्षक और दस दैनिक वेतनभोगी श्रमिक कार्यरत हैं, कोई संविदा कर्मचारी नहीं है। वन क्षेत्र में साजा, खैर, तेंदू, सागौन, बीजा, महुआ, चार, कुसुम, बहेड़ा, धावड़ा और बांस जैसी मूल्यवान और औषधीय प्रजाति के पेड़ पाए जाते हैं। हालांकि, पेड़ों या वन्यजीवों की कोई गिनती नहीं की गई है, और अवैध कटाई या परिवहन की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

संबंधित समाचार
रायपुर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: ‘समाज गौरव सम्मान 2026’ में गूंजा संस्कृति और सामाजिक समरसता का स्वर
छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: विक्रम राय गुरुजी ने की 2% DA की मांग, कहा- महंगाई में कर्मचारियों को मिले राहत
आकार-2026: रायपुर में 25 मई से शुरू होगा पारंपरिक शिल्प और कला प्रशिक्षण शिविर, ऐसे करें पंजीयन